नईदिल्ली : गुरूवार,16 मार्च 2023 राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने नोटिस भेजा है। दिल्ली पुलिस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। राहुल गांधी के उस बयान का संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सुना, महिलाओं का यौन उत्पीड़न हो रहा है। पुलिस ने नोटिस में राहुल से पीड़ितों के बारे में जानकारी देने को कहा है। वहीं इससे पहले राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस कर अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दिया और कहा कि मैं सांसद हूं तो मेरी पहली जिम्मेदारी संसद में जवाब देने की है। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान श्रीनगर में महिलाओं को लेकर यह बयान दिया था। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लेते हुए प्रश्नावली की एक सूची भेजी है। नोटिस में पुलिस ने पीड़ितों के बारे में विवरण देने के लिए कहा है। पुलिस ने उनसे पीड़ितों का ब्योरा देने को कहा है ताकि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जा सके। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान श्रीनगर में दिए गए एक बयान में कहा, 'एक विशेष मामले में मेरी एक लड़की से बात हुई, उसके साथ बलात्कार हुआ था। मैंने उससे पूछा कि क्या हमें पुलिस को बुलाना चाहिए, उसने कहा कि पुलिस को मत बुलाओ नहीं तो लज्जित होना पड़ेगा'।

|