मथुरा : सोमवार,14 नवम्बर 2022 भाजपा से भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर का मथुरा के धर्माचार्य की पत्नी माधुरी से विवाद मथुरा की गलियों में चर्चा का विषय बना हुआ है। धर्माचार्य की पत्नी माधुरी ने भाजपा सांसद पर हथियार बंद लोगों द्वारा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सांसद के पीएसओ, ड्राइवर सहित 1 अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।वहीं भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने धर्माचार्य की पत्नी पर गाली-गलौज का आरोप लगाया है। सांसद का आरोप है कि धर्माचार्य आश्रम पर कब्जा करना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने जानबूझकर ऐसा कराया है।
क्या है मामला
विगत सात अक्टूबर को वृंदावन के मोतीझील इलाके में स्थित 'भूरीवाला आश्रम' में आश्रम के महंत स्वामी दर्शनानंद और उनके अनुयायियों पर हमला कर दिया गया था। इस हमले में दर्शानंद सहित नौ लोग घायल हुए। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। हमले को लेकर दर्शानंद ने स्वामी प्रकाशानंद निवासी राम मंदिर, मक्खोपुर, अमृतसर ग्रामीण (पंजाब), स्वामी कृष्णानंद निवासी वीनेवाल बरनाला (पंजाब), स्वामी रामानंद और सुखदेव और एक अज्ञात के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में मुकदमा दर्ज भी कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का कहना है कि सात अक्टूबर को भूरीवाला आश्रम में कब्जे के लिए यहां रह रहे साधुओं पर हमला किया गया। जिसमें घायल संत दर्शनानंद को वह देखने आई थीं। इसकी सूचना पुलिस को भी है। लेकिन यहां आकर पता चला कि आखिर चल क्या रहा है। यहां तो खुलेआम गुंडई हो रही है।
भूरीवाला आश्रम
भूरीवाला आश्रम वृंदावन के मोतीझील इलाके में है। इसे 1975 में संत भूमानंद महाराज ने बनवाया था। 2016 में आश्रम के महंत ने वसीयत लिखी, जिसमें स्वामी दर्शनानंद को महंत बनाया गया। 2020 में संत भूमानंद का गोलोक वास हो गया। इसके बाद आश्रम में प्रकाशानंद और कृष्णानंद से दर्शनानंद के बीच आश्रम के कब्जे को लेकर विवाद शुरू हो गया। सात अक्टूबर को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और हथियारों से आश्रम पर हमला बोल दिया। जिसमें दर्शनानंद सहित 9 लोग घायल हो गए थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आश्रम में कब्जा का आरोप लगाया है ।