नई दिल्ली, शनिवार,8 अक्टूबर 2022 अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष पद के लिए अब चुनाव होना तय है। आज नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था लेकिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इस चुनाव के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री ने शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में कहा कि आज नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था लेकिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। इन दोनों नेताओं में से किसी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया है। इस लिए 17 अक्टूबर को अब मतदान कराया जाएगा।
मिस्त्री ने कहा कि सभी राज्यों की राजधानी के कांग्रेस मुख्यालय में मतदान कराए जायेंगे। यहां सुबह 10 बजे से शाम 04 बजे तक कांग्रेस वोटर अपने पहचान पत्र के साथ पहुंचकर मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि 18 अक्टूबर तक सभी मतदान पेटी कांग्रेस मुख्यालय दिल्ली लायी जायेंगी। 19 अक्टूबर से मतों की गणना शुरु की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद जल्द ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।