शुक्रवार, 2 अप्रैल 2021,अमेरिकी संसद कैपिटल हिल के पास भारतीय समय के मुताबिक, शुक्रवार देर रात 11:30 बजे फायरिंग हुई। यहां एक कार सवार ने पुलिस बैरिकेड्स को टक्कर मार दी। उसने 2 पुलिस वालों को भी घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कार ड्राइवर को गोली मार दी। उसे घायल हालत में हॉस्पिटल में एडमिट किया गया है। बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान संसद भवन को बंद कर दिया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घर में ही रहने की अपील की। साथ ही कहा है कि वे खिड़की के पास खड़े न हों। कार सवार की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने कार से चाकू भी बरामद किया है।
घटना के बाद पुलिस ने एहतियातन कैपिटल हिल के एंट्री और एग्जिट पॉइंट को बंद कर दिया। साथ ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस हमले को लेकर फिलहाल व्हाइट हाउस या नेशनल गार्ड्स की ओर से कोई बयान नहीं आया है। US कैपिटल की गलियों और सड़कों पर नेशनल गार्ड्स के जवानों की टुकड़ी मार्च कर रही है।